वितरण मंडल ग्रामीण द्वितीय के गंगटही व उनवल उपकेंद्र क्षेत्र में पकड़े गए तीन मामलों पर कार्रवाई की गई है। इसमें गंगटही व उनवल उपकेंद्र के जेई (राजेश मौर्या, अतुल राय) और जूनियर मीटर टेस्टर अजय यादव को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही खजनी उपखंड के एसडीओ को निलंबित करने की संस्तुति की गई है।
बताया जा रहा है कि तीनों मामले में वितरण मंडल ग्रामीण द्वितीय के अधीक्षण अभियंता दीपक कुमार जांच कर रहे थे, जिन्होंने कार्रवाई की है। इसमें उनवल उपकेंद्र के जेई अतुल राय, गंगटही उपकेंद्र के जेई राजेश मौर्या और जेएमटी अजय यादव को निलंबित कर दिया है। इनके निलंबन के साथी एसई दीपक कुमार ने खजनी उपखंड के एसडीओ के निलंबन के लिए संस्तुति की है।
जानकारी के अनुसार, विगत वर्ष 16 और 17 दिसंबर को खजनी उपखंड के गंगटही उपकेंद्र से जुड़े सिसवा गांव में 25 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगाकर पांच खंभे के सहारे करीब 120 मीटर लंबी एलटी लाइन बना दिया गया था। इसके साथ ही गंगटही उपकेंद्र से जुड़े सतुआभार गांव में सुखदेव तलहानी के ईंट-भट्ठे को बिजली का पीडी चार दिसंबर को हो गया था।
लेकिन पांच पोल की 11 हजार वोल्ट की लाइन व 25 केवीए क्षमता का ट्रांसफॉर्मर नहीं हटाया गया था। इस कारण ईंट-भट्ठे पर बिजली जलती मिली थी। इसके साथ ही उनवल उपकेंद्र के बेलुडीह गांव में आटा चक्की की दुकान के अंदर 16 केवीए का ट्रांसफॉर्मर रखा मिला था। मामले में 55 दिन जांच चली जिसके बाद वितरण मंडल ग्रामीण द्वितीय के अधीक्षण अभियंता दीपक कुमार की ओर से कार्रवाई की गई है।