गोरखपुर। डेंगू के केस हर दिन मिल रहे हैं। बुधवार को भी दो नए केस मिले। इसमें से एक मामला रेती चौक और दूसरा ग्रामीण क्षेत्र का है। अब शहर में 40 और ग्रामीण क्षेत्र में 28 केस हो गए हैं। अब तक 108 घरों में मच्छर के लार्वा मिल चुके हैं। जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में 17 मरीज भर्ती हैं। नए मरीजों को 100 बेड टीबी अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया जा रहा है। पिछले साल सितंबर में डेंगू के 70 केस थे और इस साल संख्या 68 तक पहुंच चुकी है।
इस साल 15 अगस्त के बाद से लगातार डेंगू के मामले मिल रहे हैं। बुधवार को भी 2 नए केस आए, जिसमें एक रेती चौक क्षेत्र का 45 वर्षीय युवक और दूसरा खजनी क्षेत्र के तुर्कवलिया का 20 वर्षीय युवक शामिल है। जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह ने बताया कि बुधवार को 1673 सोर्स रिडक्शन किए गए। अब तक 31596 पानी वाले पात्रों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 108 में मच्छर के लार्वा मिल चुके हैं। डेंगू के मरीजों की जांच के लिए अब तक 7316 टेस्ट किए गए हैं, जिनमें से 1364 एंटीजन किट से और 5952 एनएस 1 किट से की गई है।