गोरखपुर जिले में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। गोला और खजनी इलाके में हुए हादसे में युवकों की मौत हुई है। बड़हलगंज में ऑटो पलटने से पांच लोग घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोला प्रतिनिधि के मुताबिक, इलाके के गोपालपुर में कार की ठोकर से ठेला लगाने वाले युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आजमगढ़ के लोहरा गांव के 38 वर्षीय दिलीप कुमार मद्धेशिया के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी व बड़े भाई संतोष कुमार के परिवार के साथ झरकटा गांव में मकान बनवाकर रहता था। वह दोनों गोपालपुर में सड़क किनारे ठेले पर चाट-फुल्की की दुकान लगाते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात दस बजे दिलीप एक दुकान से सामान लेकर आ रहा था। तभी गोला की तरफ से आ रही कार ने दाहिनी तरफ जाकर उसको ठोकर मार दिया, जिससे वह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे घायल अवस्था में सीएचसी गोला पहुंचाया ,जहां से गंभीर अवस्था देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां देर रात उसकी मौत हो गई।
खजनी प्रतिनिधि के मुताबिक, बांसगांव थाना अंतर्गत पिपरा गांव के निवासी राजू शर्मा (35) की मौत हो गई। वह पिपरा गांव के पास खजनी-माल्हनपार मार्ग पर पैदल दुकान पर आटा लेने जा रहा था। अचानक तेजी से आ रही अनियंत्रित बाइक सवार ने उसे ठोकर मार दी। वह घायल हो गया। परिजन जिला अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी मौत हो गई। दो माह पहले युवक के पिता की मौत हुई थी।
उसकी मां का कुल्हा भी फ्रैक्चर हो गया है। पत्नी माया समेत चार छोटे बच्चों में मोनी (8), अंतिमा (6), पलक (4) और राज डेढ़ वर्ष है। बड़हलगंज प्रतिनिधि से मिली एक अन्य खबर के मुताबिक, गोला मार्ग पर कोड़ारी गांव के पास मोटरसाइकिल सवार को बचाने के चक्कर में सवारी भरी ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें सवार पांच लोग घायल हो गए।
हादसे में गोला के मेहड़ा निवासी चांदमति, मन्निपुर सहड़ौली निवासी नर्वदा, मेहड़ा की प्रीति, मांशी व चालक शिवपुर गोला निवासी प्रमोद तिवारी घायल हो गए।