दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षा भवन परिसर में सोमवार को छात्रों के दो गुट में मारपीट हो गई। मामले में कृषि संकाय के दो छात्रों को निलंबित कर उनका परिसर में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।
आरोप है कि बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र प्रत्युष शाही को आदित्य प्रताप राव और सत्यम आनंद ने अन्य कुछ अज्ञात युवकों के साथ मिलकर पीट दिया। जान से मारने की धमकी भी दी।
छात्रों ने घटना की सूचना कृषि संकाय के अधिष्ठाता और नियंता को दी। इसके बाद हरकत में आए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। मुख्य नियंता प्रो. गोपाल प्रसाद ने बताया कि दोनों आरोपी छात्रों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।