सहजनवां बाईपास पर जमीन दिलाने के नाम पर की ठगी
तीन आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस, तलाश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
सहजनवां (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी कोलकाता के पेंट कारोबारी चंद्रिका निषाद को बाईपास रोड पर जमीन दिलाने के नाम पर ठगों ने दो करोड़ रुपये हड़प लिया और फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर सहजनवां पुलिस ने खजनी थाना क्षेत्र के माल्हनपार निवासी अमरजीत बेलदार, बांसगांव क्षेत्र के बढ़नी गोपालपुर के सुदामा यादव और गीडा क्षेत्र के गाडर निवासी वीरेंद्र यादव के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चंद्रिका निषाद कोलकाता शाइन सिटी में पेंट का कारोबार करते हैं। जुलाई में कोलकाता से गांव आए थे। उन्होंने बताया कि उनके पूर्व परिचित वीरेंद्र यादव के जरिए उनकी मुलाकात अमरजीत और सुदामा यादव से हुई। तीनों ने कहा कि सहजनवां बाईपास पर बहुत अच्छी जमीन बिक रही है। हम लोगों के पास कुछ रुपये कम पड़ रहे हैं। आप चाहें तो इसमें से कुछ जमीन की रजिस्ट्री करा सकते हैं।
उनके झांसे में आकर चंद्रिका ने तीनों आरोपियों के बैंक खाते में विभिन्न तिथियों में दो करोड़ रुपये भेज दिए। जब जमीन बैनामा करने की बात आई तो तीनों झांसा देते रहे। पीड़ित 11 जुलाई को आरोपियों के घर पहुंचा तो पता चला कि तीनों फरार हैं। पड़ोसियाें ने बताया कि वे मनबढ किस्म के हैं। पीड़ित ने जब आरोपियों के मोबाइल फोन पर बात की तो जान से मारने की धमकी दी गई।