कस्बे के एक होटल संचालक से फिरौती मांगने और मारपीट करने वाले कथित बिच्छू गैंग के दो सदस्यों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
एक माह पूर्व होटल संचालक ने तहरीर देकर बिच्छू गैंग के दो नामजद व आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर रंगदारी मांगने व मारपीट करने का आरोप लगाया था। पुलिस बलवा, मारपीट और रंगदारी समेत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही थी।
गोला पुलिस ने शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान अभिषेक यादव निवासी गोपालपुर व विराट उर्फ हरिकेश निवासी देवकली के रूप में हुई।
यह था मामला
गोला कस्बे के वार्ड संख्या-18 निवासी पुष्कर यादव उर्फ अभिषेक ने एक माह पूर्व पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि कोल्ड स्टोर के पास मां यशोदा के नाम से उसका होटल चलता है। दोपहर में वह घर गया था। उसी दौरान बिच्छू गैंग के अभिषेक यादव और विराट यादव पांच-छह साथियों के साथ होटल में आए और स्टाफ अरुण कुमार को अपशब्द कहते हुए उनके बारे में पूछने लगे।
स्टाफ ने बताया कि वह घर गए हैं। गैंग के लोग माह का 30 हजार रुपये फिरौती के रूप में मांगने लगे। स्टाफ की सूचना पर होटल पहुंचने पर उन्होंने उनको व स्टाफ को लात-मुक्कों से मारपीट कर घायल कर दिया। फिर वे पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।