गोरखपुर। सेंट एंड्रयूज कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित प्रिंसिपल कप टेबल टेनिस प्रतियोगिता का बृहस्पतिवार को समापन हुआ। पुरुष वर्ग में तुषार सिंह और महिला वर्ग में कल्पना ने फाइनल मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम किया। विजेता और प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार प्रदान किए। पुरुष वर्ग के फाइनल में बीए प्रथम वर्ष के तुषार सिंह ने बीए तृतीय वर्ष के अंश को लगातार दो सेटों में 11-7, 11-7 से हराया। वहीं महिला वर्ग में बीए तृतीय वर्ष की कल्पना ने बीएससी तृतीय वर्ष की सताक्षी को 11-5 और 11-8 से पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में कला संकाय के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। मुख्य अतिथि पूर्वोत्तर रेलवे के सेवानिवृत्त वरिष्ठ लेखा अधिकारी वीपी पांडेय ने कहा कि खिलाड़ी प्रतियोगिता में हारते नहीं, बल्कि कुछ नया सीखते हैं। खेल से शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास होता है। प्राचार्य प्रो. आरएन सैमुएल ने आयोजन के लिए शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. जेवियर मारिया राज को बधाई दी।