हाथ में लाठी लेकर ट्रैफिक ड्रेस पहने दिखे वायरल फोटो में टीएसआई
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
रीजनल स्टेडियम में बुधवार की शाम वर्दी में पहुंचे टीएसआई ने पॉवर लिफ्टिंग के कोच प्रवीण कुमार पर डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान स्टेडियम में प्रैक्टिस करने पहुंचे खिलाड़ियों में भगदड़ मच गई। किसी ने घटना का वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित कोच ने टीएसआई के खिलाफ कैंट थाने में तहरीर दिया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
वीडियो में दिख रहे टीएसआई की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है। उसका बेटा वेटलिफ्टिंग का खिलाड़ी है। शाम को वह रीजनल स्टेडिमय में प्रैक्टिस करने पहुंचा था। इस दौरान पॉवरलिफ्टिंग और वेटलिफ्टिंग के खिलाड़ी रॉड लेकर आपस में भिड़ गए।
इसमें दोनों के कोच भी शामिल हो गए। इसकी जानकारी मिलने पर यातायात पुलिस विभाग के टीएसआई राकेश कुमार कुछ लोगों के साथ पहुंच गए। वह पॉवरलिफ्टिंग के कोच प्रवीण कुमार को देखते ही हमलावर हो गए। वायरल वीडियो में टीएसआई कोच के सिर पर पैर पर डंडे से प्रहार करते दिख रहे हैं।
टीएसआई और उसके साथियों की हरकत से नाराज खिलाड़ी आंदोलित हो गए। उधर, पीड़ित कोच प्रवीण सिंह ने कैंट थाने में आरोपी टीएसआई एवं अन्य के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी है। पुलिस मारपीट के घायल दोनों कोच दिलीप और प्रवीण कुमार के चिकित्सकीय जांच की कार्रवाई में जुट गई है।
आरएसओ ने दोनों कोच को किया तलब
पॉवरलिफ्टिंग और वेटलिफ्टिंग के खिलाड़ी रॉड को लेकर आपस में भिड़ गए थे। इसमें दोनों के कोच भी शामिल थे। इसी बीच वेटलिफ्टिंग के एक खिलाड़ी के पिता टीएसआई राकेश सिंह आए और वे भी मारपीट में शामिल हो गए। वेटलिफ्टिंग के कोच दिलीप और पॉवरलिफ्टिंग के कोच प्रवीण कुमार को आरएसओ ने बृहस्पतिवार को सुबह तलब किया है।