गोरखपुर के एम्स थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत बेलवा खुर्द में एक व्यक्ति ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर पेड़ की डाली में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एम्स थानाक्षेत्र के बेलवा खुर्द गांव में एक पुराने ईंट भट्ठा पर स्थित पेड़ की डाली में नायलॉन की रस्सी से फंदा लगाकर गंगेश पटेल (45) पुत्र रामनाथ पटेल ने खुदकुशी कर ली।
उसके जगदीशपुर निवासी भांजे सुरजीत ने बताया कि गंगेश पटेल देवरिया के गौरी बाजार थानाक्षेत्र के जमुना गांव के रहने वाले थे। उन्होंने अपनी पत्नी का ऑपरेशन इलाहाबाद के किसी अस्पताल में एक माह पूर्व कराया था। ऑपरेशन में ज्यादा पैसा खर्च होने के बाद भी पत्नी मीरा ठीक नहीं हुई तो तीन दिन पूर्व वह पत्नी को लेकर जगदीशपुर स्थित अपनी बहन के घर आए थे।
यहां किसी अस्पताल में पत्नी का इलाज शुरू हुआ था। इलाहाबाद में हुए ऑपरेशन के बाद इलाज होने में खर्च हो रहे रुपयों के इंतजाम को लेकर गंगेश काफी परेशान थे। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार की शाम 5:00 बजे वह मंदिर घूमने जाने की बात कह कर घर से निकले। काफी देर तक जब वह नहीं आए, तो आधी रात तक सभी लोग उनको ढूंढते रहे।
शनिवार की सुबह उनके खुदकुशी करने की सूचना मिली। शव से कुछ दूरी पर अंग्रेजी शराब की एक खाली बोतल और चिप्स के दो पैकेट मिले हैं। गंगेश के दो लड़के और एक लड़की है।