पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार मिश्र ने सोमवार को लखनऊ डीआरएम दफ्तर में सांसदों व उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। जिसमें चौरीचौरा स्टेशन पर ट्रेनों के स्टॉपेज और ट्रेन को बढ़नी तक चलाने, गोरखपुर से शताब्दी व वंदे भारत ट्रेन चलाने, नई रेलवे लाइन के निर्माण में तेजी लाने की मांग उठी।
महाप्रबंधक ने केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री कौशल किशोर एवं सांसदों को पूर्वोत्तर रेलवे की कार्य प्रणाली में लाइन क्षमता की वृद्धि, यात्री सुविधाओं में बढ़ोत्तरी, कर्मचारी कल्याण, पर्यावरण सुरक्षा को लेकर कार्यों की जानकारी दी।
बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान ने सहजनवां-दोहरीघाट नई रेलवे लाइन परियोजना की कार्य स्थिति, चौरीचौरा रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेनों के स्टॉपेज तथा यात्रा के दौरान ट्रेनों में वाईफाई की सुविधा शुरू करने का सुझाव दिया।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में बोले सांसद रवि किशन, PFI आतंकवादी संगठन पर लगे प्रतिबंध
राज्यसभा सदस्य बृजलाल ने हमसफर एक्सप्रेस को गोंडा-बढ़नी के बीच प्रतिदिन चलाने, गोरखपुर स्टेशन से शताब्दी एक्सप्रेस तथा वंदेभारत ट्रेन चलाने, गोंडा-बढ़नी-गोरखपुर के बीच स्टेशनों का सुंदरीकरण करने, बहराइच-श्रावस्ती-भिनगा-खलीलाबाद नई रेल लाइन परियोजना की कार्य स्थिति तथा इंटरसिटी एक्सप्रेस के पचपेड़वा स्टेशन पर स्टॉपेज का सुझाव दिया।
संतकबीरनगर के सांसद प्रवीण कुमार निषाद ने बहराइच-श्रावस्ती-भिनगा-खलीलाबाद नई रेल लाइन के लिए जल्द से जल्द भूमि अधिग्रहण कार्य पूरा कर निर्माण कार्य शुरू करने की मांग किया। डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल ने सिद्धार्थनगर स्टेशन पर पर्यटन की दृष्टि से बौद्ध परिपथ के विकास, बढ़नी स्टेशन से दिल्ली, हावड़ा एवं चेन्नई स्टेशन के लिए ट्रेन चलाने, उस्का बाजार में इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव, चौरीचौरा एक्सप्रेस को बढ़नी तक चलाने तथा गोमतीनगर-गोरखपुर इंटरसिटी में एसी चेयरकार लगाने का सुझाव दिया।
गोरखपुर के सांसद रवि किशन के प्रतिनिधि ने सहजनवां स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव तथा गोरखपुर जं. के सरकुलेटिंग एरिया में बाबा गोरखनाथ की आदमकद प्रतिमा लगाने का सुझाव दिया। बस्ती के सांसद हरीश द्विवेदी ने बस्ती स्टेशन पर वाशिंग पिट का निर्माण, मनवरसंगम इंटर सिटी को सुबह बस्ती स्टेशन से प्रयागराज के लिए चलाने की मांग की। बैठक का संचालन उप महाप्रबंधक, सामान्य कृष्ण चंद्र सिंह ने किया जबकि डीआरएम डॉ. मोनिका अग्निहोत्री ने सभी का आभार जताया।