- हर थाने से बुलाए गए थे पांच पुलिसकर्मी, साइबर सेल के उपेंद्र ने बताईं बारीकियां
- थाने पर आने वाले मामलों की संख्या बढ़ते देख दिया गया प्रशिक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। साइबर अपराध के शिकार फरियादियों की थाने स्तर पर ही मदद करने के लिए शनिवार को पुलिसकर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एनेक्सी भवन में हरेक थाने के पांच-पांच पुलिसकर्मियों को बुलाया गया था। साइबर सेल के एक्सपर्ट उपेंद्र सिंह ने सभी को जांच की बारीकियों के बारे में जानकारी दी। अब ये लोग जांच के साथ ही लोगों को साइबर अपराध से बचाने के लिए जागरूक भी करेंगे।
जानकारी के मुताबिक, एसएसपी के निर्देशन व पुलिस अधीक्षक अपराध के नेतृत्व में साइबर अपराध के रोकथाम के संबंध में ऑनलाइन साइट्रेन प्रशिक्षण, क्रिप्टोकरंसी इन्वेस्टिगेशन विषय पर प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। साइबर क्राइम सेल, अपराध शाखा व साइबर थाना गोरखपुर परिक्षेत्र द्वारा जिले के थानों से 05-05 पुलिस वालों को एनेक्सी भवन सभागार में बुलाया गया।
साइबर अपराध के रोकथाम व इन्वेस्टिगेशन के लिए ऑनलाइन साइट्रेन पोर्टल पर प्रशिक्षण प्राप्त किए जाने के लिए संचालन एवं क्रियान्वयन के संबंध में सभी को जानकारी उपलब्ध कराई गई। साथ ही क्रिप्टोकरेंसी इन्वेस्टिगेशन की कार्य प्रणाली के विषय में बताया गया एवं साइबर अपराधों के संबंध में बरते जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। टोल फ्री नंबर 1930 व cybercrime.gov.in वेबसाइट के संबंध में दिशा निर्देश दिए गए। कार्यशाला में एसपी क्राइम इंदु प्रभा सिंह, एसपी नार्थ मनोज अवस्थी सहित सभी सीओ मौजूद रहें।