- ट्रेल से चढ़ते-उतरते सीआरएस ने गेटमैन से सिग्नल से संबंधित पूछे सवाल
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। सुबह करीब पौने 10 बजे अफसरों के काफिला के साथ कैंट स्टेशन पहुंचे रेल संरक्षा आयुक्त, उत्तर पूर्व सर्किल मनोज अरोड़ा के तेवर से रेलवे के अफसर पसीना-पसीना हो गए। नए प्लेटफार्म के बैट्री रूम, स्वीच रूम, पैनल का निरीक्षण करने के दौरान आयुक्त ने एक-एक बिंदु पर जानकारी ली। इसके अलावा रेल लाइन के मोड़, पुल, ट्रैक के बेल्डिंग व रिपिट्स के अलावा ओवरहेड तारों की ऊंचाई तक का परीक्षण कराया।
कैंट स्टेशन के नए परिसर में प्रवेश करते ही सीआरएस सीधे सिग्नल सिस्टम व स्वीच रूम को देखने पहुंच गए। एक-एक प्वाइंट को लेकर रेल अफसरों से सवाल किए। वहां से निकले तो प्रथम तल पर बने स्टेशन मास्टर के कमरे में गए। वहां से निकले तो एक प्लेटफार्म से दूसरे पर जाने के लिए बने फुट ओवरब्रिज की हालत देखी। साथ में चल रहे अफसरों से डिजाइन को लेकर भी सवाल जवाब किए। ट्राली पर सवार सीआएस ने पुलों पर ज्वाइंट, मोड़ को तो देखा ही, रास्ते में एक समपार फाटक पर रुककर गेटमैन से भी सिग्नल से संबंधित सवाल जवाब किए।
-