दुबई की जेल में बंद है पीड़ित, पत्नी ने कमिश्नर से लगाई गुहार
कमिश्नर ने दूतावास से संपर्क कर मदद का दिया भरोसा, जालसाजों की भी होगी जांच
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। जालसाजों ने एक युवक को सऊदी अरब भेजने के नाम पर रुपये वसूले और उसे दुबई की फ्लाइट में बैठा दिया। सऊदी का वीजा लेकर दुबई में उतरने पर वहां की पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया। इसकी जानकारी पत्नी को हुई तो उन्होंने कमिश्नर से मुलाकात करके पति को छुड़ाने की गुहार लगाई। कमिश्नर ने दूतावास से बातचीत करके मदद का भरोसा दिया है। साथ ही उन्होंने जालसाजों पर कार्रवाई का निर्देश भी दिया है।
जानकारी के मुताबिक, गगहा के जगदीशपुर भलुआन गांव निवासी नरेश निषाद मजदूरी करके जीवन यापन करते थे। परिवार के बेहतर भविष्य के लिए उन्होंने कमाने विदेश जाने का फैसला लिया। गांव के पास के ही रहने वाले कुछ जालसाजों ने उन्हें विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने नरेश को दिल्ली ले जाकर तूफान नाम के एक एजेंट से मिलवाया। 29 जनवरी 2019 को नरेश का पासपोर्ट बनवाया गया था।
आरोप है कि एजेंट तूफान ने धोखाधड़ी करके नरेश को सऊदी अरब न भिजवाकर दुबई भिजवा दिया। एयरपोर्ट पर उतरते ही नरेश को दुबई पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया। पत्नी ने बताया कि पति ने कर्ज लेकर रुपये की व्यवस्था की थी। रकम भी डूब गई और पति जेल में बंद हैं। पहले वह थाने पर गई, लेकिन पुलिस ने अफसरों के पास जाने के लिए कहा तो वह कमिश्नर के पास बृहस्पतिवार को पहुंची थीं।