सब्जी मंडी में टमाटर का थोक भाव 90-100 और कालोनी में बिक रहा 200 रुपये तक, तीन दिनों में दोगुने हो गए दाम
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। टमाटर के भाव आसमान छूने लगे हैं। तीन ही दिनों में कालोनी-मोहल्लों में टमाटर का भाव 100 रुपये से बढ़कर 200 रुपये किलो हो गया है। जहां थोक भाव में टमाटर का शतक लगा चुका है, वहीं खुदरा में तो दोहरा शतक जमा चुका है। फुटकर बाजार में टमाटर 180 से 200 रुपये किलो तक बिक रहा है। वहीं, शुक्रवार को थोक मंडी में टमाटर 90 से 110 रुपये किलो की दर से बिके। यानि मंडी से कालोनी के बीच टमाटर शतक से दोहरा शतक लगा दे रहा है।
करीब 20 दिनों पहले तक जो टमाटर थोक बाजार में पांच से सात रुपये बिक रहे थे और उसे कोई पूछने वाला नहीं था, वहीं टमाटर अब खास हो गया है। मंडी में सबसे ज्यादा कीमत की कोई सब्जी है तो वह टमाटर है। एक सप्ताह पहले मंडी में टमाटर 40 से 50 रुपये किलो के बीच, तो फुटकर में टमाटर 70 से 80 रुपये किलो बिक रहे थे। तीन दिनों पहले तक थोक मंडी में टमाटर 60 से 70 रुपये किलो के बीच थे। वहीं, फुटकर बाजार में टमाटर की कीमत 100 से 120 रुपये किलो के बीच थी। शुक्रवार को थोक मंडी में टमाटर 90 से 110 रुपये किलो के बीच बिके। टमाटर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए फुटकर दुकानदारों ने टमाटर पर जमकर मुनाफा भी वसूलना शुरू कर दिया है। थोक मंडी की तुलना में फुटकर दुकानदारों ने दोगुने भाव पर टमाटर बेचना शुरू कर दिया है। शहर के कई इलाकों में शुक्रवार को टमाटर 200 रुपये किलो तक बिके।
आढ़तियों ने कहा, मौसम का है असर
टमाटर के आढ़ती अवध गुप्ता ने बताया कि जून के महीने से टमाटर के भाव बढ़ने शुरू हो जाते हैं, लेकिन इस वर्ष टमाटर के दाम में रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी हुई है। इन दिनों टमाटर बंगलुरू से आ रहे हैं। पूरे देश में टमाटर की सप्लाई बंगलुरू से ही हो रही है। मांग की तुलना में आवक नहीं होने से टमाटर के भाव काफी बढ़ गए हैं।
-
हरी सब्जियों के भाव भी आसमान पर
शुक्रवार को मंडी में भिंडी, परवल, करैला भी 50 से 60 रुपये किलो के बीच बिके। इसका असर लोगों की जेब पर पड़ रहा है। फुटकर बाजार में हरी सब्जियों की कीमत 60 से 80 रुपये किलो के बीच पहुंच गए।