गोरखपुर। मनमानी और लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों पर एसएसपी डाॅ. गौरव ग्रोवर की कार्रवाई जारी है। लगातार मिल रही शिकायत के बाद बुधवार की रात तिवारीपुर की थानेदार सुनीता सिंह समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर कर दिया गया। इससे पहले शाम को सूरजकुंड चौकी प्रभारी विजय गौड़ को हटाया गया था।
एसएसपी ने महिला थाने पर तैनात उपनिरीक्षक राजकुमारी शुक्ला को तिवारीपुर का नया थानेदार नियुक्त किया है। इसके अलावा एसपी सिटी के पेशकार रहे उपनिरीक्षक शेष शर्मा को भी कार्य में लापरवाही की शिकायत पर लाइनहाजिर किया गया है। इसी तरह गोरखनाथ के सुभाषचंद्र बोस नगर पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही कृष कुमार गुप्ता को भी काम में लापरवाही के आरोप में लाइनहाजिर किया गया है। चार दिन पहले एसएसपी ने पिपराइच थानेदार को लाइनहाजिर किया था।