लूटे गए चार मोबाइल फोन बरामद, जेल भेजे गए आरोपी
शौक पूरा करने के लिए करते थे वारदात, पहली बार चंगुल में फंसे
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। राह चलते लोगों से झपट्टा मारकर मोबाइल फोन लूटने के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि तीनों ने बाइक से मोबाइल फोन लूटने की तीन वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट के चार मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।
पूछताछ में पता चला है कि सभी अपने शौक पूरा करने के लिए अपराध कर रहे थे। अभी पहली बार पकड़े गए हैं। 16 फरवरी को पहली घटना को अंजाम दिया था।
आरोपियों की पहचान चकरा अव्वल निवासी शुभम गुप्ता, दीपू सोनकर व करन सोनकर के रूप में हुई है। तीनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं और साथ में फल बेचने का ठेला लगाते है। सीओ कैंट एएसपी अंशिका वर्मा ने पुलिस लाइंस में प्रेस कांफ्रेंस कर पकड़े गए बदमाशों के बारे में जानकारी दी।
एएसपी ने बताया कि 16 फरवरी को रेलवे स्टेशन रोड पर एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले जय नारायण पांडेय के मोबाइल फोन को बाइक सवार बदमाश लूटकर फरार हो गए थे। केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि इन लोगों ने दो और वारदातों को अंजाम दिया है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
पहचान के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार लूटे गए मोबाइल फोन को बरामद कर लिया है। अभी यह मोबाइल फोन बेच नहीं पाए थे। एएसपी ने बताया कि शुभम ही झपट्टा मारकर लूट की वारदात करता है। उसने अपने जन्मदिन से एक दिन पहले लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
..........
लूटे गए मंगलसूत्र के साथ दो गिरफ्तार
गोरखपुर। एम्स पुलिस ने महिला से लूट के दो आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने लूटे गए मंगलसूत्र बरामद कर लिए हैं। आरोपियों की पहचान शास्त्री चौक निवासी वीरेंद्र व बलराम बांसफोड़ के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को सोनबरसा बाजार में महिला के गले से मंगलसूत्र व हाथ से प्लास्टिक का थैला लूटकर बदमाश फरार हो गए थे। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से सोने का मंगलसूत्र व 370 रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। ब्यूरो