सरदारनगर। नगर पंचायत चौरीचौरा के अधिशासी अधिकारी (ईओ) मनोज मिश्रा को बुधवार दोपहर एक व्यक्ति ने कॉल कर आत्महत्या कर उन्हें फंसाने की धमकी दी। ईओ ने चौरीचौरा थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ईओ ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर नगर पंचायत के वार्ड संख्या 16 निवासी उमा देवी की शिकायत की जांच की जा रही थी। शिकायत के संबंध में मनोज गुप्ता की तेल मशीन की जांच के दौरान मौके पर पक्ष और विपक्ष के लोग मौजूद थे। मामले के निस्तारण का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर फोन कर आत्महत्या करने और उन्हें फंसाने की धमकी दी। ईओ का आरोप है कि इससे पहले भी आरोपी फोन पर उनके साथ दुर्व्यवहार कर चुका है।