सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर के पंड़िया गांव निवासी महिला की मौत सिर पर गंभीर चोट लगने से हुई थी। इस बात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। रिपोर्ट आने के बाद त्रिलोकपुर पुलिस ने आरोपी नाती के खिलाफ हत्या का केस कर जीरो एफआईआर बस्ती पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है। अब बस्ती पुलिस की टीम मामले की छानबीन में लगी हुई है। महिला के पटीदार वसीयत हुई जायदाद पर जल्द मालिकाना अधिकार मिल जाए इसीलिए हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं।
बता दें कि पड़िया गांव निवासी राधिका देवी (65) पत्नी रमाकांत पांडेय की शुक्रवार को बस्ती सदर के अमुरतहिया रौता में मौत हो गई थी। मृतका का करोड़ों की चल अचल संपत्ति नाती (पुत्री का पुत्र) माता प्रसाद पाठक ने अपने नाम वसीयत था। माता प्रसाद सेवा सत्कार करने के बहाने 16 अक्तूबर बुधवार को अपने साथ बस्ती ले गया था। शुक्रवार को शाम करीब दो बजे पंड़िया गांव निवासी मृतका के पटीदार चंद्र किशोर पांडेय को फोन कर नानी की पैर फिसलने से मौत होने की जानकारी दी। सूचना पर बस्ती पहुंचे पटीदारों ने सिर में गंभीर चोट देख हत्या की आशंका जताते हुए शव को लेकर पड़िया गांव आ गए और पुलिस को सूचित किया। शुक्रवार की रात ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में एसओ त्रिलोकपुर विजय शंकर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट से मौत की बात सामने आई है। मिले तहरीर के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज करके बस्ती पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया है। चूंकि घटना स्थल बस्ती जनपद की है इस लिए आगे जांच और कार्रवाई वहीं से होगी।
सिर के ऊपरी हिस्से पर गंभीर चोट, हादसा या हत्या : पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट आने से मौत की बात होना सामने आई है। ऐसा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्ट हुआ है। नाती ने फिसलकर गिर जाने से मौत होने की बात बताई थी। अगर फिसलकर गिरने से मौत होती तो सिर के सामने वाले हिस्से पर या फिर पीछे और दाएं व बाएं साइड में कनपटी के ऊपरी हिस्से में चोट लगता। जबकि, रिपोर्ट में सिर के ऊपरी हिस्से पर गंभीर चोट लगा होना पाया गया है। जहां ऊपर कोई वजनी वस्तु के गिरने से चोट पहुंच सकती है या फिर प्रहार करने से लगेगी। फिलहाल यह हादसा है या हत्या इसका खुलासा पुलिस करेगी।