अलीनगर में बवाल के बाद चौराहे पर जुटी भीड़, लड़की की टूटी स्कूटी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कोतवाली थाना क्षेत्र के अलीनगर में बुधवार रात करीब सवा नौ बजे स्कूटी से छींटा पड़ने पर दो पक्षों में बवाल हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों में मारपीट और फिर पथराव हो गया। आरोप है कि युवक ने स्कूटी सवार एक युवती को थप्पड़ भी जड़ दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने पर लेकर आ गई। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, रात 9:15 बजे के करीब एक स्कूटी पर सदर अस्पताल के पास की रितिका पासवान और गोरखनाथ क्षेत्र की तान्या कुशवाहा अलीनगर की तरफ जा रही थीं। इस दौरान एक दूसरी स्कूटी से आर्यनगर का अमन कुमार आ रहा था। विरासत गलियारा के लिए हुई खोदाई से सड़क पर किनारे पानी एकत्र था।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, लड़के की स्कूटी से छींटा लड़कियों पर पड़ गया। इससे लड़कियां नाराज हो गईं और स्कूटी पर पत्थर फेंककर क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही उनको गाली देते हुए चाबी छीन ली। आरोप है कि अमन ने एक युवती को थप्पड़ जड़ दिए।
बताया जा रहा है कि इसके बाद लड़कियों ने अपने कुछ परिचितों को बुला लिया। मामला बढ़ने पर लड़के ने भी अपने परिचितों को बुला लिया। उन्होंने भी पत्थर फेंककर लड़कियों की स्कूटी तोड़ दी। दोनों तरफ से करीब 15 लोग कहासुनी कर रहे थे कि इसी बीच सूचना पर पुलिस पहुंच गई। दोनों पक्षों को थाने पर ले आई।