बोले, चोरी से बिजली जलाने वालों की जानकारी देने वालों को दिया जा रहा है इनाम
संवाद न्यूज एजेंसी
सहजनवां। अपर मुख्य सचिव ऊर्जा महेश कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में बिजली की कोई कमी नहीं है। कटौती कम से कम करने का प्रयास हो रहा है। विद्युत उपभोक्ता अपना बिल जरूर जमा करें। चोरी से बिजली जलाने वालों की जानकारी देने पर इनाम भी दिया जा रहा है। विभागीय कर्मियों को लोकल फाल्ट तत्काल सही कर आपूर्ति बहाल करने के आदेश दिए गए हैं। उद्योगों को भी अब रिकाॅर्ड बिजली आपूर्ति की जा रही है।
गीडा उपकेंद्र निरीक्षण के दौरान ये बातें अपर मुख्य सचिव ऊर्जा ने कहीं। पैनल फीडर का निरीक्षण कर कैंपस में लगे ट्रांसफार्मरों को भी देखा। कहा कि किसी भी कीमत पर विद्युत कटौती नहीं होनी चाहिए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि पूरे प्रदेश में वर्तमान में केवल 40 से 45 प्रतिशत उपभोक्ता ही समय से विद्युत बिल का भुगतान कर रहे हैं, इसलिए विभाग पर अनायास आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। प्रयास है कि उपभोक्ता को भरपूर बिजली के साथ साथ पर्याप्त वोल्टेज की आपूर्ति दी जाए। इसलिए समय से अपने बिल का भुगतान करें। अगर कोई बिजली की चोरी करता है तो उसकी जानकारी देने वालों को इनाम भी दिया जा रहा है।