त्योहार में ट्रेनों में भीड़ उमड़ पड़ी है। गोरखपुर जंक्शन से होकर नियमित के अलावा करीब 50 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके बाद भी यात्रियों की भीड़ कम नहीं हो रही है। बृहस्पतिवार को बिहार से दिल्ली जा रही वैशाली सुपर फास्ट एक्सप्रेस में भीड़ के चलते चढ़ने और उतरने वाले परेशान थे।
गोरखपुर जंक्शन पर हर दिन करीब एक लाख यात्री आते-जाते हैं। त्योहार में यह संख्या दोगुनी हो गई है। बृहस्पतिवार को जितनी भीड़ गोरखपुर से दिल्ली जाने वालों की थी, लगभग उतनी ही बिहार की तरफ जाने वाले यात्री भी थे। सुबह करीब 10 बजे आम्रपाली और दोपहर साढ़े बारह बजे बाघ एक्सप्रेस से जितने लोग गोरखपुर जंक्शन पर उतरे, उससे दो गुना ट्रेन में छपरा-सीवान के लिए चढ़े। यही हाल शाम को भी रहा।
इसे भी पढ़ें: युवक की मौत पर हंगामा, गोरखपुर-महराजगंज मार्ग पर लगाया जाम
दिल्ली जा रही बिहार संपर्क क्रांति और वैशाली के जनरल कोच में लोग एक दूसरे के ऊपर गिरते-पड़ते कोच में घुसने का प्रयास कर रहे थे। आरपीएफ व जीआरपी के जवान व्यवस्था बनाने में जुटे थे, लेकिन भीड़ के चलते दिक्कत आ रही थी। किसी तरह से ट्रेन रवाना हुई तब जाकर लोगों को राहत मिली।