लखीमपुर खीरी के जंगलों से रेस्क्यू किए गए एक व्यस्क बाघ को गोरखपुर के शहीद अशफाक उल्ला खान प्राणि उद्यान में लाया गया है। बाघ को बृहस्पतिवार की रात सुरक्षित तरीके से चिड़ियाघर पहुंचाया गया, जहां उसे विशेष निगरानी में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही थीं। इसी को देखते हुए बाघ को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया। यह बाघ पूरी तरह व्यस्क है और स्वभाव से थोड़ा उग्र बताया जा रहा है, इसलिए इसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
चिड़ियाघर प्रशासन ने बाघ को नाइटसेल में रखा है। पशु चिकित्सकों की टीम उसकी सेहत की नियमित जांच कर रही है ताकि किसी भी प्रकार की समस्या से समय रहते निपटा जा सके। चिड़ियाघर के उप निदेशक डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि बाघ को फिलहाल क्वारंटीन में रखा गया है। वह पूरी तरह स्वस्थ है। उसकी लगातार निगरानी की जा रही है।