नींद की गोली खाने से सर्जरी विभाग के प्रथम वर्ष के छात्र की तबीयत बिगड़ गई। एम्स के सर्जरी विभाग में छात्र की तबीयत अचानक बिगड़ने पर इमरजेंसी में उसे भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि युवक पिछले दिनों से मानसिक रूप से तनाव में था। छात्र बंगलूरू का रहने वाला है। इस बार वह मानसिक रूप ज्यादा से परेशान था। इसकी वजह से उसकी मां भी साथ आईं हैं।
पढ़ाई और मानसिक रूप से परेशान छात्र मंगलवार रात को ड्यूटी के समय ही दवा खाकर ड्यूटी कक्ष में ही सो गया। इससे बुधवार को उसकी तबीयत बिगड़ गई। फिलहाल साथियों ने समय से उसे इमरजेंसी में भर्ती करवा कर उपचार शुरू करवा दिया, जिससे उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
छात्रों को पढ़ाई के समय इंटर्नशिप भी कराया जाता है। इसी बीच मंगलवार रात में छात्र की ड्यूटी लगी थी। सुबह ड्यूटी रूम में दूसरे सहयोगी आए तो देखे कि छात्र बेसुध कमरे में लेटा था। हिलाने-डुलाने पर सांस चल रही थी लेकिन उसे सुध नहीं थी।
इसी बीच देर न करते हुए सहयोगियों और वरिष्ठ चिकित्सकों ने आनन-फानन में इमरजेंसी में भर्ती करवाया और उपचार शुरू किया। थोड़ी देर बाद छात्र को होश आ गया और हालत स्थिर हो गई। बंगलूरू का रहने वाला छात्र कुछ दिन पहले ही एम्स की छुट्टी बिताकर अपने घर से लौटकर आया था। जब वह गोरखपुर आया था तो उसकी मां भी आईं।