खजनी इलाके के एक गांव में बेटे ने पत्नी के साथ मिलकर पिता की पिटाई कर दी। आरोप है कि जमीन बेचने की कोशिश करने से नाराज बेटा-बहू ने पिटाई की। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। उधर, बहू ने ससुर व गांव के एक युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग कुछ दिन पहले पैतृक जमीन गांव के ही एक युवक को बेचने के लिए खजनी तहसील पहुंचे थे। रजिस्ट्री का दस्तावेज भी तैयार हो गया था। इसकी जानकारी होने पर बेटा और बहू पहुंचे और दस्तावेज फाड़ दिए। बुजुर्ग का आरोप है कि घर पहुंचने पर उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने बेटे और बहू के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, बहू ने भी थाने पर पहुंचकर ससुर और गांव के एक युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। बेटे का कहना है कि वह अहमदाबाद में मजदूरी करता है। परिवार में एक नाबालिग बेटा और बेटी हैं। मां का वर्षों पहले निधन हो चुका है। पिता सारी जमीन बेचने की धमकी देते हैं। जमीन की रजिस्ट्री के लिए तहसील पहुंच गए थे। बेटे ने पत्नी पर बुरी नीयत रखने का भी आरोप पिता पर लगाया है। पुलिस जांच कर रही है।