शाहपुर थाने में दर्ज किया गया था केस, पुलिस ने आरोपी को जेल भेजवाया
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। एक तरफा प्यार में युवती का अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने के आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने वीडियो वायरल कर युवती की शादी तोड़वा दी थी और रंगदारी भी मांग रहा था। आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
आरोपी की पहचान गोरखनाथ इलाके के भगवानपुर, कोईरी टोला निवासी अजेंद्र प्रताप के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, युवती के पिता ने केस दर्ज कराया है। उनका कहना है कि युवती की छह मार्च को शादी तय थी। इस दौरान युवती का फोटो एडिट करके युवक ने वायरल कर दिया। वर पक्ष को भी फोटो व वीडियो बनाकर भेज दिया, जिस वजह से शादी टूट गई।
आरोप है कि युवती के परिजन से रंगदारी मांगने के साथ ही शादी करने पर दूल्हे को जान से मारने की धमकी दे रहा था। युवती के पिता की तहरीर पर रंगदारी मांगने, छेड़खानी व धमकी देने का केस दर्ज कर शाहपुर पुलिस ने शुक्रवार की सुबह आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।