गोरखपुर। वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति की बैठक शनिवार को कार्यवाहक मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत बुजुर्गों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि 60 वर्ष से अधिक आयु के 50 वृद्धजनों का निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कराया जाएगा। यह भी तय हुआ कि वृद्धावस्था जनित रोगों की पहचान के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता, वृद्धाश्रम एवं अन्य माध्यमों से शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा।