नौसड़ इलाके का एक परिवार सूदखोर के आतंक से डरा हुआ है। यहां के एक युवक को सूदखोर ने पांच लाख 40 हजार रुपये दिए थे। युवक का आरोप है कि सूदखोर को वह 10 लाख रुपये से अधिक दे चुका है। इसके बाद भी सूदखोर आठ लाख रुपये और मांग रहा है।
सूदखोर ने युवक की लक्जरी कार और बुलेट भी छीन ली है। सूदखोर द्वारा रोजाना रुपये की मांग से तंग होकर केस दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
नौसड़ हरैया पराग मिल्क डेयरी के पास रहने वाले दिव्यांश धर द्विवेदी दवा का काम करते हैं। गीडा थाना में उन्होंने तहरीर दी है कि बांसगांव निवासी एक दबंग व्यक्ति रामगढ़ताल में रहता है और सूद का कारोबार करता है।
एक परिचय के माध्यम से उस व्यक्ति से दवा के काम में जरूरत पड़ने पर दिसंबर माह में दो तीन बार में पांच लाख 40 हजार रुपया छह परसेंट सूद पर लिया।
सूद देने में देर होने पर सूदखोर ने नई कार छीन ली। बोला कि रुपये मिल जाएंगे तब कार लेना। इसके बाद फरवरी माह में बुलेट भी सूदखोर ने अपने पास रख ली। इसके बाद उन्होंने किसी तरह रुपये इंतजाम करके दिए। अब वह और रुपये की मांग कर रहा है।
कार और बुलेट की किश्त भरता है दिव्यांश
दिव्यांश का आरोप है कि वह हर महीने कार और बुलेट की किश्त जमा करता है। इसमें बुलेट की अब कुछ ही किश्त बची है। दिव्यांश ने बताया कि उसके घर पर प्रतिदिन फोन कर दबंग सूदखोर पिता का गालियां देता है। घर पर आकर मारने की धमकी देता है। जिसकी रिकॉर्डिंग उसके पास है। साथ ही रुपये की लेन देन का हिसाब भी उसके पास है।
गीडा में दी तहरीर
दिव्यांश ने बताया कि रुपये की लेन देन तारामंडल इलाके में हुई थी। इसलिए वह रामगढ़ताल थाने तहरीर लेकर गया था। वहां से पुलिस ने उसे गीडा का मामला बताकर भेज दिया। शनिवार को उसने आरोपी के खिलाफ गीडा में तहरीर दी है।
एसपी जीतेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि एक मामला सामने आया है। इसकी जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी। रविवार को इस मामले में युवक की तहरीर के आधार पर पुलिस पूछताछ करेगी।