गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2014 में मानबेला में हुई नरेंद्र मोदी की जनसभा के बहाने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस-सपा का नाम लिए बगैर कहा कि उस वक्त की सरकार ने खाद कारखाना परिसर में जनसभा की अनुमति नहीं दी। मानबेला में झाड़ियां साफ कर सभा कराई गई थी। आज हमारी सरकार वहां अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बना रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को दोपहर बाद मानबेला में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 1878 करोड़ रुपये की 76 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नई टाउनशिप राप्तीनगर विस्तार एवं स्पोर्ट्स सिटी के साथ 25 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 51 परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
सीएम ने कहा कि समाज को जाति में बांटने वाले, शोषण करने वालों ने जमीन का अधिग्रहण तो कर लिया था, लेकिन किसानों को मुआवजा नहीं दिया। हमारी सरकारी बनी तो समस्या का समाधान भी किया। किसानों को सम्मानजनक मुआवजा दिया गया।
सीएम ने कहा कि जब मानबेला में सभा थी, तब स्थानीय पार्षद और कार्यकर्ताओं के सहयोग से इस मैदान को साफ किया गया। उस वक्त यहां बड़ी-बड़ी झाड़ियां थीं, लेकिन तब ऐतिहासिक सभा हुई थी। आज यहां करीब 1900 करोड़ से नई टाउनशिप राप्तीनगर विस्तार एवं स्पोर्ट्स सिटी के साथ 25 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 51 परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ है।
उन्होंने कहा कि राप्तीनगर विस्तार एवं स्पोर्ट्स सिटी प्रोजेक्ट से हर वर्ग को उसकी जरूरत के अनुसार आवासीय सुविधा का लाभ मिलेगा। साथ ही यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम युवाओं की खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा। खेल को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार सभी जिलों में खेलो इंडिया सेंटर बना रही है तो उसी तरह प्रदेश सरकार ब्लॉक स्तर पर खेलो यूपी सेंटर बना रही है।
सीएम ने गोरखपुर की उपलब्धियों में खाद कारखाना, फोरलेन सड़कों, एम्स, रामगढ़ताल के साथ स्पोर्ट्स सिटी और नई टाउनशिप को जोड़ते हुए कहा कि जब यह प्रोजेक्ट पूरा होगा तो गोरखपुर की एक नई पहचान बन जाएगी। उन्होंने शहर के परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में स्मार्ट क्लास बनाने के लिए जीडीए के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि हम स्मार्ट सिटी बना रहे हैं, जहां युवा भी स्मार्ट बनेंगे।
सीएम ने मंच पर नया सवेरा में दुकान पाने वाले स्ट्रीट वेंडर को आवंटन प्रमाणपत्र भी वितरित किया। इससे पूर्व भूमिपूजन, विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन और बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया। अंत में मुख्यमंत्री ने लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं। समारोह को सांसद रविकिशन शुक्ल और महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। कमिश्नर अनिल ढींगरा ने लोकार्पण और शिलान्यास की परियोजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान विधायक विपिन सिंह, फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इन प्रमुख परियोजनाओं का सीएम ने किया शिलान्यास
राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप एवं स्पोर्ट्स सिटी, लागत 1799 करोड़ रुपये।
वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला में महंत अवेद्यनाथ ज्ञान विज्ञान पार्क की स्थापना - लागत 17.21 करोड़ रुपये।
मेडिकल रोड पर चरगांवा के करीमनगर चौराहे को जोड़ने के लिए स्मार्ट सड़क - लागत 13.47 करोड़ रुपये।
वॉटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के अनुरक्षण और रामगढ़ताल में क्रीड़ा गतिविधियों के संचालन से जुड़े कार्य - लागत 10 करोड़ रुपये।
इन प्रमुख परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण
सिविल लाइंस में सिटी मॉल के सामने गोरखपुर हाट - लागत 1.78 करोड़ रुपये।
सोनबरसा में स्मार्ट स्कूल एवं ग्राम पंचायत भवन - लागत 3.60 करोड़ रुपये।
नया सवेरा पर फूड जोन (120 कियोस्क) - लागत 2.04 करोड़ रुपये।
42 प्राथमिक/पूर्व माध्यमिक विद्यालयों का कायाकल्प
टाउनशिप में हर आय वर्ग की आवासीय जरूरतों का ध्यान
जीडीए ने 174 एकड़ में आवासीय टाउनशिप राप्तीनगर विस्तार तथा 33 एकड़ में स्पोर्ट्स सिटी का प्रोजेक्ट बनाया है। टाउनशिप में हर आयवर्ग की आवासीय जरूरतों के हिसाब से प्रावधान किए गए हैं। इसमें अल्प आयवर्ग के लिए 60 वर्गमीटर के 184 भूखंड, एमआईजी के 75 वर्गमीटर के 213 भूखंड, 200 से 250 वर्गमीटर के 345 और 250 वर्गमीटर के एचआईजी के 557 भूखंड होंगे। इसके साथ ही ईडब्ल्यूएस, एलआईजी के लिए बहुमंजिला भवन होगा। एमआईजी और एचआईजी श्रेणी के भवनों के लिए ग्रुप हाउसिंग के दो भूखंड, व्यावसायिक श्रेणी के 46 भूखंड, जनसुविधा दुकानों के लिए 7 भूखंड रहेंगे। स्कूल के लिए दो तथा हॉस्टल के लिए चार, क्लिनिक के लिए 5, हॉस्पिटल के लिए दो, होटल एवं मल्टीप्लेक्स के लिए एक-एक, भूखंड होंगे। प्रोजेक्ट में मल्टीलेवल पार्किंग, कम्युनिटी सेंटर, फायर स्टेशन, पुलिस चौकी और पार्क के लिए भी भूखंडों का प्रावधान किया गया है। जबकि स्पोर्ट्स सिटी में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम, फुटबाल ग्राउंड, टेनिस कोर्ट, कबड्डी मैदान, वॉलीबाल कोर्ट, एथलेटिक्स ट्रैक, मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और शूटिंग रेंज की व्यवस्था रहेगी।