- एटीएम केबिन में कस्टमर केयर का नंबर मिटाकर दर्ज कर दिया है अपना नंबर
- शाहपुर इलाके में जिला पंचायत सदस्य के बेटे के साथ हुई घटना, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के पादरी बाजार स्थित एचडीएफसी के एटीएम में रविवार शाम जिला पंचायत सदस्य के पुत्र का एटीएम कार्ड लेकर जालसाजों ने 30 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने साइबर थाने और शाहपुर पुलिस को तहरीर दी है।
जानकारी के मुताबिक, झंगहा के मोतीराम अड्डा स्थित दुबियारी डाड़ी निवासी जिला पंचायत सदस्य उर्मिला देवी के पुत्र परमदेव पासवान की पादरी बाजार चौराहे के पास दूध और पनीर की दुकान है। रविवार की शाम परमदेव बगल में एचडीएफसी के एटीएम से 15 हजार रुपये निकालने पहुंचे। एटीएम में कार्ड डालते ही फंस गया। काफी प्रयास के बाद भी कार्ड नहीं निकला।
इसी दौरान दो युवक पहुंचे और बताया कि यहां कस्टमर केयर का नंबर लिखा है। इस नंबर फोन करें। फोन करने पर बताया गया कि मेरा ऑफिस तारामंडल में है। आप अपने एटीएम की पिन डालकर कैंसिल दबाएं। एटीएम कार्ड निकल जाएगा। पिन डालने के बाद भी कार्ड नहीं निकला।
कथित कस्टमर केयर ने बताया कि शाम को हमारे कर्मचारी एटीएम में कैश डालने जाएंगे और कार्ड निकाल कर आपको दे देंगे। पीड़ित दुकान पर पहुंचा। इसी बीच उसके मोबाइल पर मैसेज आया कि जेल बाईपास स्थित एसबीआई एटीएम से तीन बार में खाते से 30 हजार रुपये किसी ने निकल लिए।
पीड़ित सिपाही को साथ लेकर जेल बाईपास स्थित एटीएम के पास पहुंचा। उसके पहले जालसाज फरार हो चुके थे। पीड़ित फिर एचडीएफसी के एटीएम में गया तो देखा कि एटीएम कार्ड गायब था।
....
कस्टमर केयर का नंबर मार्कर से काटकर अपना नंबर लिखा
शहर और देहात में जालसाजों के नेटवर्क लोगों को ठगने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए रहे हैं। पादरी बाजार स्थित एचडीएफसी एटीएम में सुझाव व शिकायत के लिए लगे टोल फ्री नंबर को मार्कर (मोटा अक्षर लिखने वाला काला कलम) से काटकर जालसाज ने वहा अपना नंबर लिख दिया है। उनका मकसद है कि कोई भी एटीएम से संबंधित शिकायत व सुझाव के लिए सीधे उनके नंबर पर फोन करेगा और आप कस्टमर केयर समझकर अपनी गोपनीय जानकारियां साझा कर देगें। फिर जालसाज आपकी जमा पूंजी मिनटों में खाली कर देंगे।