एयरपोर्ट पर एक साथ दो सीएफटी खराब होने के कारण रोकनी पड़ी थी उड़ान
सुरक्षा के लिहाज से निरस्त करनी पड़ी थी हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली की फ्लाइट
कुशीनगर से एक सीएफटी मंगाकर रविवार को शुरू हुई उड़ान
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। एयरपोर्ट पर शनिवार को एकसाथ दो क्रैश फायर टेंडर (सीएफटी) व्हीकल खराब होने से विमानों की उड़ान सुरक्षा के लिहाज से निरस्त करनी पड़ी थी। रविवार को कुशीनगर एयरपोर्ट से एक सीएफटी यहां आई है। इसके बाद गोरखपुर एयरपोर्ट से सामान्य दिनों की तरह सभी विमानों का संचालन हुआ। यहां कुल 14 विमानों का आवागमन हुआ।
शनिवार को एयरपोर्ट पर अचानक विमान की उड़ान निरस्त करने के बाद वहां पहुंचे यात्रियाें ने हंगामा कर दिया था। काफी देर तक एयरपोर्ट प्रशासन उन्हें समझाता रहा, लेकिन वे समझने को तैयार नहीं थे। किसी तरह यात्रियों को समझाकर वहां से भेजा गया।
जानिए क्या है सीएफटी
सीएफटी (क्रैश फायर टेंडर) व्हीकल, एयरपोर्ट पर आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए आधुनिक मशीन है। इस व्हीकल को एयरपोर्ट के संचालन में विशेष तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। रन-वे पर टेकऑफ या लैंडिंग के समय अगर किसी जहाज में आग लगती है तो सीएफटी, व्हीकल जहाज के साथ-साथ चलते हुए आग बुझा सकता है।
एयरपोर्ट पर लगे हैं तीन सीएफटी
गोरखपुर एयरपोर्ट पर तीन सीएफटी लगे हैं। जानकारों ने बताया कि किसी भी बड़े यानी बोईंग विमान की उड़ान या लैंडिंग के लिए दो सीएफटी का चालू होना आवश्यक होता है। इसके साथ ही एक सीएफटी इमरजेंसी के लिए लगाई जाती है। वहीं जो एटीआर विमान यानी 60 से 70 सीटर वाले जहाज होते हैं, उनके लिए एक सीएफटी काफी होता है। गोरखपुर में केवल तीन विमान 60 सीटर हैं। बाकी सभी बोईंग 179, 180 सीटर विमान हैं।
गोरखपुर से उड़ते हैं यहां के लिए विमान
दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ
वर्जन
एयरपोर्ट में तीन सीएफटी लगे हैं। इसमें से दो खराब हो गए हैं। कुशीनगर से सीएफटी आया है। रविवार को सामान्य दिनों की तरह विमानों का प्रचालन हुआ। इंजीनियर खराब सीएफटी को बना रहे हैं। बहुत जल्द जो भी कमियों होंगी, उसे दूर कर लिया जाएगा।
- विजय कौशल, एजीएम परिचालन