प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाते जिला जज
- फोटो : अमर उजाला
दीवानी कचहरी में 14 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक वादों का निस्तारण कराए जाने के उद्देश्य से बुधवार को जनपद न्यायाधीश तेज प्रताप तिवारी ने उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ की तरफ से आए प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
अपर सत्र न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विकास सिंह ने बताया कि जनपद न्यायाधीश ने उपस्थित लोगों को बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में विशिष्ट विषय आपराधिक शामनीय वाद, 138 एनआई एक्ट, बैंक वसूली वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, पारिवारिक वादों, श्रम वाद, भूमि अधिग्रहण वाद, विद्युत एवं जल बिल विवाद, सर्विस वाद(किराया, सुखाधिकार, व्ययादेश, विशिष्ट अनुतोष वाद) एवं अन्य मामलों को सुलह समझौते के आधार पर नियत न्यायालय में ही निस्तारित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त प्री लिटिगेशन स्टेज पर भी मामलों को सुलह समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। साथ ही साथ यातायात से संबंधित चालानों को वेबसाइट vcourt.gov.in की ओर से ई-पेमेंट माध्यम से भुगतान कर घर बैठे ही निस्तारण करा सकते हैं।
जनपद न्यायाधीश ने आमजन से अपील की कि जो भी वादकारी अपने वादों का निस्तारण इस राष्ट्रीय लोक अदालत में कराना चाहते हैं। वे संबंधित न्यायालय में अपना आवेदन पत्र प्रस्तुत कर अपने वादों का निस्तारण कराकर उक्त राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठा सकते है।