जज पर हमलावर हो गया था कुत्ता, कई अन्य पर कर चुका है हमला
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। सिविल लाइंस स्थित जजेज कंपाउंड में कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। उनकी वजह से सुबह टहलने वालों को दिक्कत हो रही है। एक जज पर भी शनिवार सुबह कुत्ता हमलावर हो गया। किसी तरह से वह बचे। उन्होंने पता किया तो मालूम हुआ कि इसके पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। जज ने नगर आयुक्त को पत्र भेजकर कार्रवाई को कहा है, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।
कोर्ट संख्या दो अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश जय प्रकाश ने पत्र भेजा है। नगर आयुक्त को भेजे गए पत्र में उन्होंने लिखा है कि तीन फरवरी को आवासीय परिसर में सुबह टहलने के लिए निकला था। तभी कुत्तों ने हमला कर दिया। किसी तरह से बचाव हुआ। संज्ञान में यह भी आया है कि इससे पहले भी कुत्तों के हमले से कई लोग घायल हो चुके हैं। जज ने पत्र में लिखा है कि जरूरी है कि आवासीय परिसर में बाहरी कुत्ते न आने पाएं। उन पर कार्रवाई रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी कर नगर निगम टीम कार्रवाई करेगी।