थाना क्षेत्र के पचमा गांव में रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव निवासी शीला सहानी (34) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महज दस दिन पहले ही उसके पति ने मुंबई में बहुमंजिला इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। पति की मौत के बाद पत्नी ने भी आत्मघाती कदम उठा लिया।
परिजनों के अनुसार, पति की असामयिक मौत के बाद से शीला सहानी मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। वह अधिकतर गुमसुम रह रही थी और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करती थी। रविवार को जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को शक हुआ। आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया, जहां शीला फंदे से लटकी मिली। घटना की सूचना के बाद कैंपियरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी राकेश कुमार रोशन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव के लोगों का कहना है कि पति की मौत के बाद से शीला गहरे सदमे में थी। परिवार अभी उस हादसे से उबर भी नहीं पाया था कि यह दूसरी घटना हो गई।