खलिहान की जमीन से अतिक्रमण हटाने के दौरान हाथ में ईंट लेकर जेसीबी को रोक विरोध जताती महिलाएं।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चौरीचौरा तहसील क्षेत्र के भाऊपुर (मोतीपाकड़) में खलिहान की जमीन पर न्यायालय के आदेश पर अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची तहसीलदार व राजस्व टीम को महिलाओं का विरोध झेलना पड़ा। अतिक्रमण हटाने के दौरान महिलाएं हाथ में ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे लेकर आ गईं।
इस दौरान हंगामे के चलते अभियान को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। महिलाओं का आरोप था कि चुनावी रंजिश में अतिक्रमण हटाया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद फिर से अतिक्रमण हटाना शुरू हुआ।
क्षेत्र के भाऊपुर (मोतीपाकड़) में खलिहान की जमीन पर गांव निवासी रामबृक्ष पुत्र सर्वजीत ने अवैध रूप से कब्जा किया गया था। चौरीचौरा तहसीलदार के निर्देश पर बुधवार को नायब तहसीलदार संजय सिंह राजस्व टीम के साथ गाटा संख्या-521 पर खलिहान की जमीन को खाली कराने पहुंचे थे।
कार्यवाही शुरू होते ही महिलाओं ने विरोध करना शुरू कर दिया। महिलाएं जेसीबी मशीन के सामने ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे लेकर हंगामा करने लगीं। उनका आरोप था कि चुनावी रंजिश को लेकर कब्जा खाली कराया जा रहा हैं। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
नायब तहसीलदार संजय सिंह ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। नायब तहसीलदार संजय सिंह ने बताया कि तहसीलदार न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराने राजस्व टीम के साथ मौके पर गए थे।
आदेश का अनुपालन कराया गया है। मौके पर कुछ महिलाओं ने विरोध जताते हुए जेसीबी मशीन को रोक दिया था। पुलिस के समझाने-बुझाने पर वह शांत हो गईं। इसके बाद अतिक्रमण हटाया गया।