गोरखपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ (सुशील पांडेय गुट) के आह्वान पर बॉयकॉट डिजिटल अटेंडेंस मुहिम परिषदीय विद्यालयों में शुरू की गई।
पहले दिन जिले के सभी विद्यालयों ने डिजिटल उपस्थिति देना अस्वीकार कर दिया। पिपरौली, खोराबार, कौड़ीराम, बड़हलगंज, गगहा, गोला, कैंपियरगंज समेत समस्त ब्लाॅकों के शिक्षको ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताते हुए विद्यालयों में शिक्षण कार्य किया।
संगठन के संयुक्त मंत्री ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर विरोध का यह प्रथम चरण है। जब तक प्रशासन शिक्षकों के शोषण के ऐसे आदेशों को वापस नहीं लेता तब तक संघर्ष चलता रहेगा।
उधर, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उप्र के आह्वान पर जिला संयोजक भारतेंदु यादव के नेतृत्व में शिक्षकों ने ऑनलाइन उपस्थिति एवं पंजिकाओं के डिजिटलाइजेशन के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया। महासंघ की मांगों का समर्थन करते हुए टीआरसीटी के जिलाध्यक्ष विकास यादव एवं राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष रूपेश श्रीवास्तव, मदन मुरारी, इजहार अली आदि ने भी अपनी बातें रखीं।