अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह शृंखला में पोस्टर व रंगोली प्रतियोगिता आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में यूनिवर्सिटी विमेंस वेलफेयर एसोसिएशन (गुवा) द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के तहत सात दिवसीय सृजन शक्ति कार्यक्रम में सोमवार को पोस्टर और रंगोली प्रतियोगिता हुई। कार्यक्रम की संरक्षिका कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने प्रतिभागियों से उनकी कृतियों के बारे में जानकारी लेने के साथ ही उनका उत्साहवर्धन किया।
पोस्टर प्रतियोगिता में बीए षष्ठम सेमेस्टर की ज्योति गुप्ता ने महिला शक्ति को अपनी तूलिका से उकेरा और प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीए की ही आंचल मद्धेशिया द्वितीय और खुशी विश्वकर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बीए की शांभवी सिंह और बीएससी की शालिनी पांडेय ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।
रंगोली प्रतियोगिता में बीए की पूजा प्रथम, निकिता यादव द्वितीय, अमृता सिंह ने तृतीय स्थान व रोशन सिंह ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। कुल 24 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान गुवा अध्यक्ष प्रो. नंदिता आईपी सिंह, प्रो. उषा सिंह, प्रो. सुनीता बोहरा, प्रो. सुधा यादव आदि उपस्थित रहीं।