संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में चल रही इंटर हॉस्टल खेल प्रतियोगिता का समापन सोमवार को हो गया। विश्वविद्यालय मैदान पर खेले गए क्रिकेट के फाइनल मैच में गौतम बुद्ध छात्रावास ने संत कबीर छात्रावास को हराकर प्रतियोगिता अपने नाम की। 19 अंकों के साथ स्वामी विवेकानंद छात्रावास की टीम ओवरऑल चैंपियन बनी। वहीं, महिलाओं में रानी लक्ष्मीबाई छात्रावास की टीम विजेता रही।
महारानी लक्ष्मीबाई छात्रावास में आयोजित महिला संवर्ग की कैरम प्रतियोगिता में अलकनंदा छात्रावास की प्रीति मद्धेशिया विजेता तथा रानी लक्ष्मीबाई छात्रावास की निधि यादव दूसरे स्थान पर रहीं। शतरंज में रानी लक्ष्मी बाई छात्रावास की नेहा भारती विजेता सोनी सिंह उपविजेता रहीं। रस्साकस्सी के पहले मुकाबले में संत कबीर छात्रावास ने गौतम बुद्ध छात्रावास को हराया। वहीं, दूसरे मुकाबले में स्व. राम प्रताप शुक्ला छात्रावास ने स्वामी विवेकानंद छात्रावास को पराजित किया। फाइनल मुकाबले में स्व. राम प्रताप शुक्ला छात्रावास ने संत कबीर छात्रावास को हराकर प्रतियोगिता अपने नाम की।
खेल प्रतियोगिता के संयोजक प्रो. अनिल कुमार यादव ने बताया कि पहली बार आयोजित हुई अंतर छात्रावासीय खेल प्रतियोगिता में 19 अंकों के साथ स्वामी विवेकानंद छात्रावास ओवरऑल चैंपियन बना। वहीं महिला संवर्ग में 16 अंकों के साथ महारानी रानी लक्ष्मीबाई छात्रावास ने जीती। सभी विजेताओं को कुलपति प्रो. पूनम टंडन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान प्रो. राकेश कुमार तिवारी, प्रो. उमेश यादव, प्रो. मनोज तिवारी, डॉ. आमोद राय आदि मौजूद रहे।