बिजली निगम महराजगंज में एक हजार से अधिक बिजली बिलों की जांच कराएगा। चेयरमैन एम देवराज ने पांच लेखाकारों की एक स्पेशल ऑडिट टीम गठित की है। टीम महराजगंज में 2022 और 23 के बिलों में गड़बड़ी की जांच करेगी। पिछले वर्ष चेयरमैन ने बिलों की गड़बड़ी के मामले में पांच कर्मचारियों का निलंबन भी किया था। अब स्पेशल ऑडिट के आदेश के बाद हड़कंप मचा है।
दरअसल, पूरा मामला मंडल के एक एसडीओ विवेक पांडेय की शिकायत पर खुला। एसडीओ ने चेयरमैन को व्हाट्सएप कर शिकायत कर जांच की मांग की थी। लिखा था कि विद्युत वितरण खंड महराजगंज के कुछ उपभोक्ताओं के बिजली बिल बकाए का अवलोकन किया गया, देखकर पता लगा कि वास्तविक बकाया धनराशि को खंड के माध्यम से गलत तरीके से कम करते हुए राजस्व क्षति पहुंचाने का प्रयास किया गया है। मामले की जांच करा कर दंडात्मक कार्रवाई करें।
इसके बाद चेयरमैन ने टीम भेजकर मामले की जांच कराई। इस दौरान तत्कालीन मुख्य अभियंता एके सिंह ने भी स्पेशल ऑडिट की आवश्यकता जताई थी। जांच टीम की रिपोर्ट पर पिछले वर्ष की चेयरमैन ने महराजगंज के दो अभियंता और तीन लिपिकों का निलंबन किया था। अब स्पेशल ऑडिट का आदेश होने से महराजगंज में हड़कंप मचा है। मुख्य अभियंता आशु कालिया ने बताया कि चेयरमैन के निर्देश पर स्पेशल ऑडिट टीम गठित की गई है।