फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुमेर सागर ताल : कारोबारी ताल मिलाने को नहीं तैयार

विज्ञापन
विज्ञापन
गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के तीन बड़े प्रोजेक्ट मुनाफे के फेर में फंसे हुए हैं। सुमेर सागर ताल को विकसित करने और इसके सुंदरीकरण के काम में कोई फर्म रुचि नहीं ले रही। 27 करोड़ रुपये से यह काम होना है। इसके लिए प्राधिकरण दो बार आवेदन मांग चुका है। पहली बार सिर्फ एक फर्म तो दूसरी बार दो फर्म ने आवेदन किया। ऐसे में अब तीसरी बार आवेदन मांगने की तैयारी चल रही है।
विज्ञापन

वहीं, रामगढ़ताल क्षेत्र में थ्री स्टार होटल के लिए 2.35 एकड़ जमीन का कोई खरीदार नहीं मिल रहा। जनवरी में टेंडर निकला गया था । लेकिन, कोई आवेदन ही नहीं आया। बताया जा रहा है कि जमीन की शुरुआती बोली ही करीब 100 करोड़ है, जिसे खरीदार अधिक मान रहे हैं। अब जीडीए भी दर कम करने पर मंथन कर रहा है। इसी तरह, रामगढ़ताल में मछली ठेके का टेंडर पिछले करीब दो साल से फंसा है। कभी यहां ठेके के लिए लोग लालायित रहते थे और अब कोई रुचि ही नहीं ले रहा।

ताल सुमेर सागर: शहर के बीचोबीच मिलेगा भव्य पार्क का तोहफा
दो साल पहले कब्जा मुक्त कराए जाने के बाद सुमेर सागर ताल को विकसित करने के साथ ही इसका सुदंरीकरण भी कराया जाना है। कब्जे को लेकर कुछ भूखंड का विवाद अब भी न्यायालय में लंबित है। ऐसे में काम प्रभावित न हो और वहां दोबारा कब्जा न शुरू हो जाए, इसलिए गोरखपुर जीडीए विवादित क्षेत्र को छोड़कर बाकी हिस्से को विकसित करेगा। हालांकि दो बार टेंडर निकालने के बाद भी एक, दो फर्म ने ही आवेदन किया। अब तीसरी बार टेंडर निकालने की तैयारी है। निकाय चुनाव खत्म होते ही आवेदन मांगे जाएंगे। ताल के लिए त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत 27 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल चुकी है। ताल में पाथ-वे, म्यूजिकल फाउंटेन से लेकर बोटिंग की सुविधा विकसित की जाएगी। चारों तरफ पक्का नाला बनाया जाएगा। आसपास के मोहल्लों का पानी साफ करने के बाद ताल में गिराया जाएगा ताकि ताल में हमेशा पर्याप्त पानी बना रहे। किनारे पर पार्क भी विकसित किया जाएगा। फूड कोर्ट विकसित करने के लिए हाट भी बनाया जाएगा। गाड़ियों के लिए पार्किंग की सुविधा होगी, जहां तकरीबन चार सौ कार व बाइक खड़ी की जा सकेगी। 1.437 किलोमीटर लंबाई में जाॅगिंग ट्रैक बनेगा। इसके बन जाने से सुमेर सागर एवं आस-पास की 50 हजार से अधिक की आबादी को जहां सुबह-शाम टहलने की जगह मिलेगी वहीं बच्चों को खेलने के लिए पार्क मिलेगा।
विज्ञापन


थ्री स्टार होटल की जमीन के दाम कम करने पर मंथन

ताल किनारे चंपा देवी पार्क के पास ही जीडीए ने थ्री स्टार होटल के लिए 2.35 एकड़ जमीन सुरक्षित की है। बोली के जरिए इसका आवंटन होना है। जनवरी में प्राधिकरण ने टेंडर निकाला था लेकिन, कोई आवेदन नहीं आया। इसकी शुरूआती बोली 108 करोड़ की है, जिसे काफी अधिक माना जा रहा है। प्राधिकरण अब इसे कम करने पर भी मंथन कर रहा है। इसके बाद दोबारा टेंडर निकाला जाएगा।

ताल की मछली में मुनाफा नहीं देख रही समितियां
रामगढ़ताल में मछली के ठेके के लिए करीब तीन साल पहले जहां 22 करोड़ रुपये तक की बोली लगी थी, वहीं आज कोई आवेदन करने वाला नहीं मिल रहा है। जीडीए तीन-चार बार नीलामी के लिए आवेदन निकाल चुका है लेकिन, कोई आवेदन ही नहीं कर रहा है। समितियों का कहना है कि नीलामी की न्यूनतम बोली बहुत अधिक है। रामगढ़ताल में मछली पकड़ने का ठेका एक अप्रैल 2019 को मत्स्यजीवी सहकारी समिति लिमिटेड रामगढ़ ताल उर्फ महेरवा की बारी, कूड़ाघाट को मिला था। 22 करोड़ 79 लाख रुपये में समिति को 28 जून 2024 तक मछली पकड़ने का अधिकार मिला था। समिति ने पांच करोड़ 19 लाख 69 हजार रुपये ही जमा कराया। इसके बाद रकम जमा नहीं की गई। करीब 14 करोड़ रुपये के बकाये में संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर जीडीए ने इस समिति का अनुबंध रद कर दिया है। अगस्त 2021 में अनुबंध रद होने के बाद प्राधिकरण तीन बार टेंडर निकाल चुका है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें