गोरखपुर जिले के नौका विहार के पास स्थित रेस्त्रां में मारपीट के बाद फर्जी केस दर्ज कराने के मामले में कार्रवाई की गई। नौका विहार पुलिस चौकी इंचार्ज की तहरीर पर आरोपी प्रॉपर्टी डीलर विनोद मिश्रा पर फर्जी सूचना और झूठे साक्ष्य देने की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उधर, घटना में शामिल तीन आरोपियों पर एसएसपी ने इनाम घोषित किया है, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही।
दरअसल, रेस्त्रां में मारपीट और गुंडई के बाद विनोद मिश्रा ने क्रास केस दर्ज करा दिया था। डकैती का केस दर्ज कराने वाले विनोद मिश्रा की जांच की गई तो पता चला कि गुलरिहा में हुई एक नवंबर की घटना को फिर से दिखाकर केस दर्ज कराया है। इसी आधार पर केस को खत्म कर दिया गया था और अब केस दर्ज किया गया है।
चौकी इंचार्ज नौकायन विजय कुमार गौड़ ने तहरीर में लिखा है कि एक नवंबर की रात मानबेला निवासी विनोद मिश्रा और उसके साथियों ने भोजन मिलने में देरी होने पर चूल्हा-चौका रेस्टोरेंट के कर्मचारियों को पीट दिया था। विरोध करने पर तोड़फोड़ करने के साथ ही जानलेवा हमला किया। रेस्टोरेंट संचालक ने आरोपियों के विरुद्ध डकैती, मारपीट, तोड़फोड़ व बलवा करने का मुकदमा दर्ज कराया था।
विवेचना में पता चला कि आरोपित विनोद मिश्रा ने गुलरिहा थाने में अपनी गाड़ी के क्षतिग्रस्त होने का मुकदमा दर्ज कराया है। वाहन के क्षतिग्रस्त होने का आधार बनाते हुए रामगढ़ताल थाने में रेस्टोरेंट संचालक और कर्मचारियों के विरुद्ध झूठे साक्ष्य के आधार पर मुकदमा दर्ज करा कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया है।