- यूपी बोर्ड रिजल्ट घोषित होने के बाद सड़कों पर बड़ी चहल पहल
- सफल छात्रों ने परिजन और दोस्तों के संग मनाया सफलता का जश्न
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। यूपी बोर्ड रिजल्ट शनिवार को दोपहर बाद जैसे ही घोषित हुआ, बाजार में चहल पहल बढ़ गई। मेधावियों ने घर के बड़े बुजुर्गों और अपने इष्टदेव का आशीर्वाद लिया, इसके बाद देर शाम तक मौज मस्ती करते रहे। वहीं रिजल्ट जानने के बाद स्कूल पहुंचे छात्र-छात्राओं ने अपने दोस्तों को बधाई दी और खुशी का इजहार किया।
दोपहर बाद रिजल्ट जारी होते ही परिजन बच्चे की सफलता से इतने खुश दिखे कि वह अपने करीबी दोस्तों, रिश्तेदारों को भी फोन कर परिणाम के बारे में बताते रहे। कई घरों में बर्थडे की तरह छात्र केक काटकर अपनी खुशी का इजहार किए। वहीं एक दूसरे को मिठाई खिलाने का सिलसिले देर रात तक चला।
स्कूलों में मना जश्न
एक दिन पहले ही रिजल्ट घोषित करने की यूपी बोर्ड ने घोषणा कर दी थी। इसको लेकर स्कूल भी पहले से तैयारी कर चुके थे। शनिवार को रिजल्ट जारी होने पहले ही स्कूल में फूल, माला और मिठाई की व्यवस्था कर ली गई थी। दोपहर दो बजे जैसे ही रिजल्ट जारी हुआ, स्कूल में छात्रों की भीड़ लग गई। इस दौरान स्कूल के टॉपर छात्र के साथ ही हर सफल छात्र को अध्यापक और प्रधानाचार्य मिठाई खिलाकर मुंह मिठा कराते रहे। बच्चों ने इस खुशी को दोस्तों के साथ तस्वीरें खींचकर यादगार बनाया।