तिवारीपुर क्षेत्र में मोबाइल को लेकर हुए विवाद के बाद कक्षा छह की 11 वर्षीय छात्रा ने अपनी मां का गला दबा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने पहुंचकर महिला को बचाया। घटना के अगले दिन छात्रा घर से बैग लेकर निकल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की और 72 घंटे बाद उसे बिहार स्थित एक रिश्तेदार के घर से खोज लिया।
पुलिस के अनुसार, छात्रा अपनी मां के साथ गोरखपुर में रहती है। उसके पिता सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। महिला ने बताया कि तीन अगस्त की रात करीब 11 बजे बेटी मोबाइल मांग रही थी। मना करने पर वह नाराज हो गई और गुस्से में मां का गला दबाने लगी। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और महिला को बचाया।
लोगों ने छात्रा को समझाया लेकिन वह रात में ही घर छोड़ने की जिद करने लगी। बाद में मकान मालिक के समझाने पर वह शांत हुई। महिला के मुताबिक, चार अगस्त की शाम करीब पांच बजे छात्रा छोटा बैग लेकर बिना बताए घर से निकल गई। रात में उसने किसी से फोन पर बात भी की थी।
इसके बाद परिजन ने उसकी तलाश शुरू की और तिवारीपुर थाने में सूचना दी। महिला ने आशंका जताई थी कि छात्रा के कुछ परिचितों से संपर्क के कारण वह घर से गई हो सकती है। पुलिस ने सर्विलांस और अन्य माध्यमों से तलाश शुरू की।
तिवारीपुर थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा बिहार में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर मिली है। उसे गोरखपुर लाया गया है। काउंसलिंग के बाद उसे परिजन को सौंपा जाएगा।