मृतका की फाइल फोटो और सड़क घेरे लोगों को समझाते पुलिस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गीडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह साइकिल से स्कूल जा रही छात्रा को अनियंत्रित ट्रक ने जैतपुर-बोकटा मार्ग पर कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही ट्रक को पुलिस थाने ले गई। बेलवाडाडी निवासी गंगेश कुमार की बेटी मुस्कान (16) इलाके में स्थित एक इंटर काॅलेज में नवीं की छात्रा थी। शुक्रवार सुबह सात बजे वह साइकिल से स्कूल जाने के लिए निकली थी। घर से 500 मीटर दूर वह जैतपुर-बोकटा मार्ग पर पहुंची थी कि पीछे से तेज गति से आ रहे बालू लदे ट्रक ने उसे कुचल दिया।
हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर गीडा अश्वनी पांडेय ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर हंगामा शांत कराया।
ग्रामीणों का आरोप था कि बड़ी गाड़ियां अक्सर टोल बचाने के लिए इस रास्ते का प्रयोग करती हैं, जिसके चलते आए दिन हादसा होता है। उन्होंने जिला प्रशासन को इस मार्ग पर बड़ी गाड़ियों आवागमन पर रोक लगाने की मांग की है।