सहजनवां। इलाके के लुचुई में बृहस्पतिवार की सुबह नौवीं के छात्र निखिल भट्ट ने घर में ही फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। निखिल दो अन्य भाइयों के साथ मोबाइल फोन पर गेम खेल रहा था। इस दौरान उसकी अपने भाइयों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गयी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सहजनवा प्रतिनिधि के अनुसार कुण्डा गांव के मूल निवासी विकास भट्ट लुचुई में मकान बनवाकर रहते हैं। वह रसद एवं खाद्घ विभाग आजमगढ़ में सीनियर क्लर्क पद पर तैनात हैं। वह आजमगढ़ में ही रहते हैं। लुचुई में उनकी पत्नी अपने तीन बेटों आसू भट्ट, निखिल भट्ट व आर्यन भट्ट के साथ रहती हैं। आसू बीए द्वितीय वर्ष का और आर्यन कक्षा आठ का छात्र है। निखिल नौवीं कक्षा में पढ़ता था। बृहस्पतिवार की सुबह तीनों बच्चे मोबाइल फोन पर गेम खेल रहे थे। किसी बात को लेकर उनकी आपस में कहासुनी हो गयी। जिसके बाद 15 वर्षीय निखिल घर के दूसरी मंंजिल पर चला गया। काफी देर तक नीचे न आने पर भाई आसू उसे ढूंढ़ते हुए घर की दूसरी मंजिल पर गया तो उसने उसका शव फंदे से लटका पाया। परिजन आनन फानन में उसे फंदे से उतारकर सीएचसी सहजनवा ले आए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।