गोरखपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटक एवं प्रदर्शनी के माध्यम से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर बंटवारे की पीड़ा को याद किया गया। इस कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन, वरिष्ठ नागरिक व सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने नृत्य, गीत व कविता के माध्यम से देशप्रेम की भावना को मजबूत किया।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर एसी लाउं में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एनई रेलवे मजदूर यूनियन (नरमू) के महामंत्री केएल गुप्ता मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राकेश त्रिपाठी ने की। इस अवसर पर सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी रामबेलास सिंह, गणेश चंद्र मिश्रा, रामनरेश पांडेय, शिवानंद तिवारी, जीबी सिंह और स्टेशन डायरेक्टर जय प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।
-
भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ देश बनाना हम सब की जिम्मेदारी: जीएम
गोरखपुर। रेलवे प्रेक्षागृह में पूर्वोत्तर रेलवे कला समिति की तरफ से देशप्रेम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे चंद्रवीर रमण ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की तारीख हमें कर्तव्यबोध कराती है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश को आजाद कराया था, अब हमें इसे दुनिया का सर्वश्रेष्ठ देश बनाना है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वोत्तर रेलवे कला समिति के कलाकारों ने किया। मदन मोहन मालवीय तकनीकी विश्वविद्यालय के छात्रों ने काकोरी कांड पर आधारित नाटक नई गुलामी प्रस्तुत किया। पूर्वोत्तर रेलवे स्काउट्स एवं गाइड्स के कलाकारों ने पंडित रामप्रसाद बिस्मिल पर आधारित देशभक्ति नृत्य नाटिका बिस्मिल की प्रस्तुति की। महाप्रबंधक ने कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर मेरी माटी, मेरा देश अभियान से जुड़ने की अपील की।
इसी क्रम में जन भागीदारी की भावना से आजादी के ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान के अंतर्गत देशवासी अपने घरों पर तिरंगा फहराकर स्वतन्त्रता आंदोलन एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त कर कर रहे हैं। सभी रेल अधिकारी एवं कर्मचारी अपने घरों पर तिरंगा फहरा कर इस अभियान से जुड़ रहे हैं।
-
स्टेशन को तिरंगा लाइट से सजाया गया
पूर्वाेत्तर रेलवे के प्रमुख स्टेशनों को तिरंगा लाइट से सजाया गया है। ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान में रेल कर्मियों, उनके परिजनों एवं आमजनों की सहभागिता की जा रही है। पूर्वोत्तर रेलवे के 136 स्टेशनों पर ‘हर घर तिरंगा‘ एवं ‘मेरी माटी मेरा देश‘ अभियान से लोगों को अवगत कराया जा रहा है।