- कैंपियरगंज में बिजली गिरने से गई बालक की जान, हुमायूंपुर में ढहा टिनशेड का मकान
- अलग-अलग जगहों पर हुई घटना, प्रशासन की ओर से दी जाएगी मदद
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। शनिवार को आंधी-पानी लोगों के लिए आफत बन गई। कैंपियरगंज क्षेत्र में बिजली गिरने से मोबाइल फोन पर वीडियो देख रहे बालक की मौत हो गई। गोरखनाथ क्षेत्र के हुमायूंपुर में टिनशेड का मकान ढहने से दो साल के मासूम सहित सात लोग घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद छह लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। गंभीर हालत में बुजुर्ग का मोहद्दीपुर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना की सूचना पर तहसील प्रशासन ने सरकारी सहायता के लिए शासन को रिपोर्ट भेज दी है।
शनिवार की दोपहर बाद करीब तीन बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में बादल छाने के बाद तेज आंधी शुरू हो गई। कुछ जगहों पर गरज व चमक के साथ बारिश होने लगी। कैंपियरगंज प्रतिनिधि के अनुसार कुई गांव के टोला मेथौली के बाहर आयुष (12) व विवेक सहित कुछ बच्चे मोबाइल फोन पर वीडियो देख रहे थे, तभी बिजली गिरी। इससे आयुष की झुलसने से मौत हो गई। जबकि विवेक घायल हो गया। घटना से परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना पाकर नायब तहसीलदार हंसराज मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसकी सूचना अधिकारियों को दी।
उधर, आंधी के दौरान हुमायूूंपुर में टिनशेड का मकान ढहने से दो साल के बच्चे सहित सात लोग घायल हो गए। हुमायूंपुर, नौरंगाबाद मोहल्ला निवासी ग्यासुद्दीन (75) हलवाई का काम करते हैं। उनका टिनशेड का मकान है। शनिवार को ग्यासुद्दीन, उनकी पत्नी नूरसबा, बेटी फरोजा खातून, नूर अफसा, मारिया, दरख्ता और उनका दो साल का पोता मोहम्मद जैन भोजन करने के बाद आराम कर रहे थे। आंधी आने पर ग्यासुद्दीन के भतीजे खैरुल के मकान की दीवार टिनशेड पर गिर गई, जिससे टिनशेड ढह गया। परिवार के सभी लोग मलबे में दब गए। चीख पुकार सुनकर आसपास लोग पहुंचे। घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
0000