गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ओटी टेक्नीशियन और मेडिकल स्टोर संचालक पर स्टाफ नर्स ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि दोनों आरोपी छह माह से उसे परेशान कर रहे हैं। शुक्रवार को छेड़खानी का विरोध करने पर घर में तोड़फोड़ की गई। गुलरिहा पुलिस ने दोनों आरोपियों पर शुक्रवार को केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, बीआरडी मेडिकल कॉलेज की स्टाफ नर्स का आरोप है कि ओटी टेक्नीशियन धर्मेंद्र और मेडिकल काॅलेज गेट पर स्थित सिंह मेडिकल स्टोर के मालिक राजा छह माह से पीछा कर रहे हैं। दोनों युवक पीड़िता के मोबाइल पर फोन करके अश्लील बातें कर परेशान करते हैं।
आरोप है कि शुक्रवार की दोपहर धर्मेंद्र व राजा शराब के नशे में धुत होकर पीड़िता के घर में घुस गए और अश्लील हरकत करते हुए छेड़खानी करने लगे। इतना ही नहीं आरोपियों ने पीड़िता को धक्का देकर गिरा दिया और उसके कपड़े फाड़ दिए। विरोध करने पर गालियां देते हुए घर में तोड़फोड़ की गई। पीड़िता ने डॉयल 112 व 1090 पर कॉल कर मदद मांगी। पुलिस के पहुंचने के पहले ही आरोपी फरार हो गए।