हाउस, वाटर और सीवर टैक्स का बकाया नहीं चुकाने पर सेंट एंड्रयूज कॉलेज, पूर्वोत्तर रेलवे और लोक निर्माण विभाग का बैंक खाता सीज होगा। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने नगर निगम के जिम्मेदारों को इस संबंध में नोटिस जारी करने के साथ खाता सीज कराने की कार्रवाई का निर्देश दिया है।
दरअसल सेंट एंड्रयूज कॉलेज, पूर्वोत्तर रेलवे, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के विभिन्न कार्यालयों पर क्रमश: चार करोड़, 3.5 करोड़ और 1.3 करोड़ रुपये बकाया है। अरसे से इन संस्थानों और विभागों द्वारा नगर निगम को टैक्स नहीं दिया जा रहा है।
कर वसूली की समीक्षा बैठक के दौरान कर निरीक्षक बलराम पांडेय, नायब मोहर्रिर ज्ञान पांडेय, अतिफुल हक और अनुचर ने यह जानकारी दी। नगर आयुक्त ने कम वसूली पर नाराजगी जताई। इसके बाद उन्होंने सभी बड़े बकाएदारों के नोटिस देने और उनके खातों को सीज कराने का निर्देश दिया।