गोरखपुर। उड़ीसा के विरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी कोचिंग कैंप के लिए उत्तर प्रदेश से चार खिलाड़ी चयनित हुईं हैं। इनमें गोरखपुर के वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स हॉस्टल की तीन खिलाड़ी शामिल हैं।
उप्र हॉकी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरज सिंह हरीश ने बताया कि स्पोर्ट्स हॉस्टल की पूर्णिमा यादव, वंदना पटेल व कोमल पाल को कोचिंग कैंप के लिए चुना गया है। तीनों खिलाड़ी स्पोर्ट्स हॉस्टल में ओलंपियन व अर्जुन अवार्डी प्रेम माया और शशि नवैत हॉकी प्रशिक्षक की देखरेख में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उप्र हॉकी वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरज सिंह हरीश, जय यदुवंशी, आरएसओ आले हैदर, मो. इमरान, माइकल अलेक्जेंडर, रीता मिश्रा. आजाद सिंह, धर्मवीर सिंह समेत कई लोगों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी है।