ऑल इंडिया टेनिस बॉल क्रिकेट लीग (दिन-रात्रि) का शुभारंभ आज
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। ऑल इंडिया टेनिस बाॅल क्रिकेट लीग (दिन-रात्रि) का शुभारंभ शुक्रवार से राजकीय जुबिली इंटर काॅलेज के खेल मैदान पर होगा। छह सितंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देश के 16 राज्यों से करीब 250 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन शाम सात बजे सांसद रवि किशन शुक्ला करेंगे।
आयोजक व उप्र टेनिस बाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष देवेंद्र पाल ने बताया कि प्रतियोगिता की चार टीमें स्थानीय होंगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़, गोवा, जम्मू-कश्मीर, केरल, उत्तराखंड, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, बिहार, पुदुचेरी, मुंबई, राजस्थान, झारखंड, असम, एआइआइबी विदर्भ आदि टीमें शामिल रहेंगी। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को तीन लाख रुपये का नकद पुरस्कार व ट्राफी, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को दो लाख रुपये नकद पुरस्कार और ट्राफी दी जाएगी।
वहीं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 60 हजार और चौथा स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 40 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक मैच में मैन आफ द मैच के रूप में स्मार्ट वाच दी जाएगी। मैन ऑफ द सीरीज बल्लेबाजी व गेंदबाजी दोनों ही श्रेणियों में दिया जाएगा। इसमें 11 हजार रुपये के नकद पुरस्कार के साथ ही एलईडी टीवी दी जाएगी।